फुलवारी विधानसभा के कई दलित टोलों में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को बांटी गई कॉपी-कलम, RJD नेत्री खुशबू कुमारी ने बताया शिक्षा का महत्व।
पटना / फुलवारीशरीफ: -प्रो प्रसिद्ध कुमार।
80 वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं दलित बस्तियों में बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री (कॉपी एवं कलम) का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेत्री व SC/ST प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष खुशबू कुमारी यादव के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस मौके पर उनके साथ कुंदन कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह वितरण अभियान फुलवारी विधानसभा के अंतर्गत कोर्रा , कोरजी , मंगलीचक , और सकड़ैचा गांव के दलित टोलों में चलाया गया। स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच जब गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को कॉपी और कलम मिली, तो उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी।
महापुरुषों और वीरांगनाओं के योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष खुशबू कुमारी यादव ने जीवन में शिक्षा के अमूल्य महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि "शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का सर्वांगीण विकास और सशक्तीकरण संभव है।"
उन्होंने भारत में शिक्षा और सामाजिक सुधार की अलख जगाने वाले महापुरुषों का स्मरण करते हुए कहा कि सावित्रीबाई फुले, माता फातिमा शेख और महात्मा ज्योतिबा फुले ने महिलाओं एवं वंचित समाज की शिक्षा के लिए जो ऐतिहासिक योगदान और संघर्ष किया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बच्चों को इन महान विभूतियों की प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं और उन्हें मन लगाकर पढ़ने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कुंदन कुमार ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और समाज के सभी वर्गों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और आभार व्यक्त किया।




Comments
Post a Comment