राम लखन सिंह यादव कॉलेज में 'हिंदी पखवाड़ा' का भव्य शुभारंभ: भारतेंदु हरिश्चंद्र के योगदान पर हुई विशेष परिचर्चा।
पटना:
राम लखन सिंह यादव कॉलेज, अनीसाबाद, पटना के हिंदी विभाग द्वारा आज से 'हिंदी पखवाड़ा' (01 सितम्बर से 14 सितम्बर) का गरिमामय शुभारंभ किया गया। इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य हिंदी भाषा का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा हिंदी साहित्य के महान मूर्धन्य साहित्यकारों के अमूल्य योगदान का स्मरण करना है। कार्यक्रम का समापन 14 सितम्बर को 'हिंदी दिवस' के अवसर पर मुख्य समारोह के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि "हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसे दैनिक जीवन व पठन-पाठन में पूर्ण सम्मान देना हमारा कर्तव्य है।"
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष उप-प्राचार्या प्रो. कुमारी संगीता ने किया और भरतेंद्रु के जीवन पर प्रकाश डाला।विषय प्रवेश कराते हुए हिंदी के प्राध्यापक प्रो. रोहित कुमार ने भारतेंदु हरिश्चंद्र के योगदान को रेखांकित किया और कहा कि "भारतेंदु जी ने अत्यंत कम उम्र में ही हिंदी को एक अनमोल साहित्यिक धरोहर के रूप में स्थापित कर दिया।" शिक्षक प्रतिनिधि प्रो बीडी यादव ने भी अपने विचार रखे।
एन.एस.एस. कॉर्डिनेटर प्रो. प्रसिद्ध कुमार ने हिंदी के महत्व पर बल देते हुए कहा कि "हिंदी हिंदुस्तान की बिंदी है।" उन्होंने महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे इस पखवाड़े को सफल बनाने हेतु प्रतिदिन आयोजित होने वाली चर्चाओं और गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी व मार्गदर्शन प्रदान करें।इस अवसर पर प्रो. कुमारी सुंदरम, प्रो. गुड़िया कुमारी , प्रो. कुमारी तेजस्विनी, प्रो.कुमारी आरती, पूनम कुमारी सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
02 से 13 सितम्बर: प्रतिदिन हिंदी साहित्य के प्रमुख साहित्यकारों, कवियों एवं उनकी कृतियों पर विशेष परिचर्चा एवं साहित्यिक गतिविधियां होंगीं।


Comments
Post a Comment