खगौल में राम नवमी के अवसर पर निकाली गई भव्य झाकियाँ
राम-जानकी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने मुख्य अतिथि और मंत्री रामकृपाल यादव का शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया।
खगौल (पटना): मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव, रामनवमी के पावन अवसर पर आज खगौल की सड़कें भक्ति के रंग में सराबोर नजर आईं। सिर पर केसरिया पगड़ी और हाथों में ध्वज लिए हजारों श्रद्धालुओं के 'जय श्री राम' के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस वर्ष खगोल में रामनवमी का जुलूस अपनी भव्यता और आपसी सौहार्द के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
दो समूहों में निकली भव्य झांकी
इस बार खगौल में दो प्रमुख समूहों के नेतृत्व में झांकियां निकाली गईं। प्रथम समूह का नेतृत्व आशुतोष कुमार ने किया, जबकि दूसरे समूह की कमान भरत पोद्दार ने संभाली। आशुतोष कुमार के नेतृत्व में निकली झांकी मोती चौक, बड़ी खगोल और नवरतन पुर होते हुए बाबूचक रोड स्थित राम-जानकी मंदिर (देव लोक धाम) पहुंची।
राम-जानकी मंदिर में हुआ भव्य अभिनंदन
बाबूचक रोड पर राम-जानकी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने मुख्य अतिथि और मंत्री रामकृपाल यादव का शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान रामकृपाल यादव भक्ति के रंग में रंगे नजर आए और बैंड-बाजे की मधुर धुन पर जमकर थिरके, जिसे देख श्रद्धालु भी उत्साह से भर गए।
जुलूस में मुख्य रूप से निम्नलिखित गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे:
भाजपा नेता बेला यादव और संगीता सिन्हा , राजनिश् कुमार
मुकेश गुप्ता और रंजीत मिश्र
अविनाश पिंटू (पूर्व उपाध्यक्ष, नगर परिषद)
परशुराम गुप्ता सहित हजारों की संख्या में राम भक्त।
सांप्रदायिक सौहार्द की दिखी मिसाल
जुलूस जब जमलुद्दीनचक पहुंचा, तो वहां गंगा-जमुनी तहजीब का अनुपम दृश्य देखने को मिला। वरिष्ठ अधिवक्ता और रंगकर्मी नवाब आलम ने जुलूस में शामिल लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया और गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे शरबत व पानी की व्यवस्था की।
खगौल की इस शोभायात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन किया, बल्कि समाज में एकता और प्रेम का संदेश भी प्रसारित किया। देर शाम तक पूरा क्षेत्र भक्तिमय गीतों और उल्लास से सराबोर रहा।



Comments
Post a Comment