बांकीपुर में तेजस्वी यादव का रोड शो: छात्रों पर फायरिंग को लेकर सरकार पर बरसे, न्यायिक जांच और रिहाई की मांग!
फुलवारी शरीफ , अजीत कुमार की रिपोर्ट
: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने एक विशाल रोड शो किया। यह रोड शो मीठापुर से शुरू होकर चांदपुर बेला, सिपारा, विग्रहपुर, पोस्टल पार्क, चिरैयाटांड़ पुल, गोरिया टोली, लालजी टोला, पीरमुहानी, आयुर्वेदिक कॉलेज, लोहानीपुर, साहित्य सम्मेलन, दरियापुर और खेतान मार्केट होते हुए सब्जीबाग चौराहा तक पहुंचा। इस दौरान सड़कों पर राजद समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
रोड शो के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला और बांकीपुर की जनता का रुख बताते हुए कहा, "जनता ने इस बार भाजपा को हराने का मन बना लिया है। इस बार बांकीपुर में लालटेन ही जलेगा।"
छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरा
छात्र आंदोलन और हालिया कार्रवाई पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि सरकार पहले किसानों को ठग रही थी और अब छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि सोमवार शाम तक गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया और उन पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
"दिखावटी कार्रवाई हुई, एसपी पर कार्रवाई क्यों नहीं?"
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसी भी जन आंदोलन में आज तक एके-47 का इस्तेमाल नहीं हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि एके-47 से फायरिंग की घटना के बाद केवल एक जवान को निलंबित कर खानापूर्ति और दिखावटी कार्रवाई की गई है।
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि संबंधित उच्च अधिकारियों और एसपी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? यह फायरिंग किसके आदेश पर की गई थी और इसकी जवाबदेही किसकी है?
न्यायिक जांच की मांग
राजद नेता ने पूरे छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और बताना चाहिए कि बिहार के किन-किन जिलों से कितने छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, उन पर कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं और फायरिंग का आदेश किसने दिया था।

Comments
Post a Comment