प्रकृति के सानिध्य में कठोर छठ पर्व: आस्था, लोक-संस्कृति और अनुशासन का अद्भुत संगम। -प्रो प्रसिद्ध कुमार।
स्थान: बाबूचक, फुलवारी।
जब प्रकृति की गोद में उतरी लोक-आस्था।
#ChhathPooja #BabuchakPhulwari #LokAstha #ChhathiMaiya #BiharCulture #PrakritiPrem
भाष्कर (सूरज भगवान) अपनी लालिमा आसमान में बिखेरते हुए धीरे-धीरे अस्त होने की ओर बढ़ रहे थे। बाबूचक, फुलवारी के घाट पर एक अलौकिक ही छटा बिखरी हुई थी। चारों तरफ गूंजते छठी मईया के गीत और सोंधी खुशबू से पूरा परिवेश सराबोर था।
घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर व्रती पारंपरिक लिबास में नजर आ रहे थे। पुरुष पीली धोती पहने और माताएं-बहनें पारंपरिक सूती साड़ियों में पूरी निष्ठा के साथ नदी में स्नान करने और डूबते भास्कर को अर्ध्य देने के लिए बढ़ रही थीं। देहाती बाजे—जैसे तुरतुरिया, झुंझुना, ढोलक और करनात—पर बजते छठी मैया के पारंपरिक गीत मन को मोह लेने वाले और बेहद मधुर लग रहे थे।
परंपरा और आधुनिकता का सुंदर मेल
इस पावन पर्व पर एक तरफ जहां नई नवेली दुल्हनें शर्माते हुए अंदाज में घूंघट ताने और सोने के हार आदि गहनों से सजी-धजी नजर आ रही थीं, वहीं आज की नई पीढ़ी की युवतियां जींस-टीशर्ट में भी अपनी संस्कृति से जुड़ी दिख कर आधुनिकता का परिचय दे रही थीं। घाट का पूरा माहौल एक अलग ही 'छठमय' ऊर्जा से सराबोर था।
व्रती पानी में खड़े होकर, हाथ में सूप लिए भास्कर के ध्यान में पूरी तरह लीन थीं। किसी की मन्नत पूरी होने की खुशी थी, तो कोई कुछ और पाने की आस में पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ ध्यानमग्न था। घाट पर विशाल पंडाल और शानदार डेकोरेशन तो किया गया था, लेकिन इसके बीच घाट का मूल स्वरूप थोड़ा छोटा महसूस हो रहा था। कई दशक पहले बने इस घाट को अब जीर्णोद्धार (पुनरुद्धार) की सख्त जरूरत है, ताकि आने वाले समय में व्रतियों को और अधिक सुविधा मिल सके।
रात का ठहराव और भक्तिमय माहौल
डूबते भास्कर को अर्ध्य देने के बाद, रात भर ग्रामीण आंचल के परिवेश में रामायण गायन का कार्यक्रम होता है, जो पूरे वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना देता है। रात भर बिना अन्न-जल के (निर्जला) रहने के बाद, सुबह उगते सूरज (सूर्योदय) की प्रतीक्षा का वह पल और उससे ठीक पहले भोर में नदी तट पर आकर नदियों का पूजन व नमन करना—सचमुच प्रकृति से प्रेम और सानिध्य का अलौकिक आनंद देता है।
यहाँ की स्वच्छता और अनुशासन की तो बात ही निराली है—"जे जहाँ , ओहिजा अनुशासित!" यानी हर कोई अपनी आस्था के साथ-साथ अनुशासन की मिसाल पेश कर रहा था। यह पर्व सिर्फ एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, संयम और अटूट विश्वास का एक जीता-जागता महाकुंभ है।

Comments
Post a Comment